Skip to main content
Source
TV9 Hindi
Author
आकांक्षा मिश्रा
Date

बिहार विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक है. ऐसे में एडीआर यानी एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स के ताजा आंकड़े सामने आए हैं, जिसके मुताबिक मौजूदा विधानसभा (निवर्तमान विधानसभा) में दो-तिहाई विधायकों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले घोषित किए हैं.वहीं अलग-अलग राजनीतिक दलों के लगभग आधे विधायकों पर गंभीर आरोप भी हैं.

एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक, 243 में से 241 विधायकों के चुनावी हलफनामों में दी गई जानकारी के मुताबिक, ये आंकड़े जारी किए गए हैं. इनमें से दो विधायकों के हलफनामे में पूरी जानकारी नहीं होने की वजह से उनके आंकड़ों का विश्लेषण नहीं किया गया है.

कुल कितना प्रतिशत हैं अपराध के आंकड़े?

एडीआर रिपोर्ट के आंकड़े बताते हैं कि बिहार विधानसभा के 158 यानी की कुल 66% मौजूदा विधायकों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामलों के बारे में जानकारी दी है. इनमें से 119 यानी 49% विधायक हैं जिन पर गंभीर आपराधिक मामलों का आरोप है. इनमें हत्या के मामले 16 विधायकों पर दर्ज हैं. वहीं हत्या का प्रयास का केस 30 विधायक विधायकों पर चल रहा है. महिलाओं के खिलाफ अपराधिक मामलों में शामिल होने के आरोप आठ विधायकों पर किए गए हैं.

किस पार्टी के कितने विधायकों ने दी है जानकारी?

एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक, अलग-अलग पार्टियों के विधायकों में से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के 53-53 विधायकों, जनता दल (यूनाइटेड) के 21 विधायकों, कांग्रेस के 14 विधायकों, सीपीआई (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के 9 विधायकों, सीपीआई (मार्क्सवादी) और सीपीआई के 2-2 विधायकों, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेकुलर) और AIMIM के 1-1 विधायक, साथ ही 2 निर्दलीय विधायकों ने अपने हलफनामों में अपने खिलाफ आपराधिक मामले घोषित किए हैं.

गंभीर अपराध की श्रेणी में आने वाले विधायक

बिहार विधानसभा के जिन विधायकों पर गंभीर आपराधिक आरोप लगाए गए हैं उनमें आरजेडी के 43, बीजेपी के 41, जेडी(यू) के 13, कांग्रेस के 9 और सीपीआई(एम-एल) के 7 विधायक शामिल हैं. 243 सदस्यों वाली बिहार विधानसभा के चुनाव दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होंगे और इसके रिजल्ट 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे. रिपोर्ट में निवर्तमान बिहार विधानसभा के जनसांख्यिकीय प्रोफाइल पर भी नजर डाली गई है. इसमें बताया गया है कि 122 विधायक (50% से अधिक) 51 से 80 साल की आयु के हैं, जबकि 119 विधायक 25-50 साल के हैं. बिहार विधानसभा में केवल 29 विधायक (12%) महिलाएं हैं.

 


abc