Himachal Election, Criminal Cases Against Candidates, इस बार विधानसभा चुनाव मैदान में आपराधिक आचरण वाले प्रत्याशियों की संख्या 94 हैं और चुनाव मैदान में कुल 412 प्रत्याशी हैं, जो पिछले 2017 के चुनाव की तुलना में अधिक है। पिछली बार कुल 338 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे, जिनमें से 61 प्रत्याशियों के खिलाफ आपराधिक मामले थे। चुनाव दर चुनाव ऐसे प्रत्याशियाें की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, जिनके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं।
50 गंभीर अपराध की पृष्ठभूमि वाले
गंभीर आरोपों वाले नेताओं की संख्या 50 पहुंच गई है और पिछली बार गंभीर अपराध की पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवारों की संख्या 31 थी। इस बार विधानसभा चुनाव में करोड़पति उम्मीदवारों की संख्या भी अपेक्षाकृत बढ़ी है। नेशनल इलेक्शन वाच की ओर से वर्तमान विधानसभा चुनाव में अपराध, संपत्ति, शिक्षा पर आधारित आंकड़े सामने रखे हैं।
माकपा प्रत्याशियों पर सबसे अधिक आपराधिक मामले
नेशनल इलेक्शन वाच के राज्य समन्वयक डा. ओपी भूरेटा की ओर से यह आंकड़े सार्वजनिक किए गए हैं। वर्ष 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों के खिलाफ आपराधिक मामले कम दर्ज थे, इस बार आपराधिक मामलों का प्रतिशत बढ़ा है। माकपा प्रत्याशियों पर सर्वाधिक आपराधिक मामले हैं, दूसरे स्थान पर कांग्रेस है और भाजपा प्रत्याशी छठे स्थान पर पाए गए हैं।
राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों की आपराधिक स्थिति
विधानसभा चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों में से 94 पर आपराधिक मामले हैं। जिनमें से बड़ी संख्या में गंभीर आपराधिक मामले भी हैं। 9 दलों के प्रत्याशियों के नामांकन में से आपराधिक मामलों की पड़ताल की गई है। केवल पांच राष्ट्रीय दलों के उम्मीदवारों का ही आकलन किया गया। वर्ष 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में 18 प्रतिशत के खिलाफ आपराधिक मामले थे और 9 प्रतिशत गंभीर मामलों के दायरे में थे। इस बार अपराध का प्रतिशत बढ़ा है और चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के खिलाफ 23 प्रतिशत आपराधिक मामले हैं और 12 प्रतिशत के खिलाफ गंभीर अपराध के मामले दर्ज हैं।
यह है आंकड़ा
भाजपा प्रत्याशियों का अपराध प्रतिशत 18 है। 12 उम्मीदवारों का गंभीर अपराध प्रतिशत 9 है। इनमें 6 के खिलाफ गंभीर अपराध का मामला दर्ज है। कांग्रेस प्रत्याशियों का अपराध प्रतिशत 53 है। 36 उम्मीदवारों का गंभीर अपराध प्रतिशत 25 है। इनमें 17 के खिलाफ गंभीर अपराध का मामला दर्ज है। माकपा प्रत्याशियों का अपराध प्रतिशत 64 है। सात उम्मीदवारों का गंभीर अपराध प्रतिशत 46 है। इनमें पांच के खिलाफ गंभीर अपराध का मामला दर्ज है। AAP प्रत्याशियों का अपराध प्रतिशत 18 है। 12 उम्मीदवारों का गंभीर अपराध प्रतिशत 9 है। इनमें 6 के खिलाफ गंभीर अपराध का मामला दर्ज है।
कितनी संपत्ति के मालिक हैं उम्मीदवार
14वीं विधानसभा के लिए हो रहे विधानसभा चुनाव में 412 प्रत्याशियों में से 55 प्रतिशत के साथ 226 प्रत्याशी करोड़पति हैं। जबकि वर्ष 2017 में 338 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था, जिसमें से 47 प्रतिशत के साथ 158 उम्मीदवार करोड़पति थे।
धनराशि, प्रत्याशियों की संख्या, प्रतिशत
- 5 करोड़ से अधिक वाले, 86, 21
- 2 करोड़ से 5 करोड़, 76, 18
- 50 लाख से 2 करोड़, 121, 29
- 10 लाख से 50 लाख, 77, 19
- 10 लाख से अधिक संपत्ति, 52, 13
कांग्रेस में सबसे अधिक करोड़पति
वर्तमान विधानसभा चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों में से कांग्रेस पार्टी के सर्वाधिक करोड़पति हैं, दूसरे स्थान प भाजपा और पहली बार चुनाव मैदान में उतरी आम आदमी पार्टी के 35, माकपा के 4 और निर्दलीय 45 है।
- कांग्रेस 61
- भाजपा 56
- आप 35
- माकपा 4
- निर्दलीय 45
टाप तीन में दो कांग्रेसी एक भाजपा प्रत्याशी
- बलबीर सिंह वर्मा भाजपा चौपाल 128 करोड़
- विक्रमादित्य सिंह कांग्रेस शिमला ग्रामीण 101 करोड़
- रघुवीर सिंह बाली कांग्रेस नगरोटा बगवां 92 करोड
यह सबसे कम संपत्ति वाले प्रत्याशी
- नाम, दल, विधानसभा क्षेत्र, कुल संपत्ति
- कैलाश चंद, राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी, सरकाघाट, 3 हजार
- अमृता चौधरी, हिंदू समाज पार्टी, भटियात, 5 हजार
- आशीष कुमार, आजाद, हमीरपुर, 7 हजार
सबसे अधिक देनदार प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में
- नाम, दल, विधानसभा क्षेत्र, कुल देनदारियां
- धर्मपाल, आप, नालागढ़, 12 करोड़
- सुदर्शन सिंह बबलू, कांग्रेस, चिंतपूर्णी, 10 करोड़
- राकेश कुमार चोपड़ा, आप, घुमारवीं, 8 करोड
2 अनपढ़ भी चुनाव मैदान में
इस बार विधानसभा चुनाव मैदान में दो प्रत्याशी अनपढ़ हैं और इतनी ही संख्या में प्रत्याशी केवल साक्षर हैं। 8 प्रत्याशी डिप्लोमाधारक हैं। 246 प्रत्याशी स्नातक या उससे अधिक शैक्षणिक योग्यता रखते हैं। 154 प्रत्याशी ऐसे हैं जिन्होंने अपनी शैक्षिक योग्यता पांचवीं से लेकर 12वीं तक उल्लेखित की है।
किस आयु वर्ग के कितने प्रत्याशी
चुनाव मैदान में 25 से 40 आयु के 154 प्रत्याशी हैं, तो 240 प्रत्याशियों की आयु 41 वर्ष से लेकर 60 वर्ष के बीच में है। 80 प्रत्याशी 61 वर्ष से लेकर 80 वर्ष की आयु के हैं, केवल एक प्रत्याशी 82 वर्ष का चुनाव मैदान में है।
24 महिलाएं चुनाव मैदान में
इस बार के विधानसभा चुनाव में कुल 412 प्रत्याशियों में से केवल 24 महिलाएं चुनाव लड़ रही हैं। पिछले 2017 के विधानसभा चुनाव में 338 प्रत्याशियों में से 19 महिलाएं चुनाव मैदान में थीं।